गोरेला पेंड्रा मरवाही
सीमा पर दोनों राज्यों के जवान गश्त करेंगे, वाट्सएप ग्रुप से होगा सूचनाओं का आदान-प्रदान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 22 सितंबर। अंतरराज्यीय गौवंश तस्करी और संगठित अपराधों को रोकने के लिए मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ पुलिस ने 18 सितंबर को राजनगर (मध्यप्रदेश) में संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में दोनों राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए और सीमा क्षेत्र में अपराधों पर चर्चा की।
थाना मरवाही पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में गौवंश तस्करी नेटवर्क में केंद्रीय भूमिका निभाने वाले अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें मध्यप्रदेश के कोतमा क्षेत्र का लखन साहू और कोटमी क्षेत्र का दौलत राम राठौर शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों ने अंतरराज्यीय गौवंश तस्करी नेटवर्क सामने आई है।
बैठक में सीमा क्षेत्र में बढ़ते अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु बाजारों के दुरुपयोग और संगठित गिरोहों की गतिविधियों पर विचार किया गया। तय किया गया कि-सीमावर्ती मार्गों पर विशेष निगरानी और नाकेबंदी की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। दोनों राज्यों की पुलिस द्वारा संयुक्त गश्त और चेकिंग की जाएगी। संदिग्ध पशु बाजारों को स्थानांतरित या उनके लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रस्ताव भेजे जाएंगे। आदतन अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग के लिए संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे और अधिकारियों के बीच सीधा संपर्क होगा। त्यौहार और मेलों के दौरान विशेष चौकसी बरती जाएगी तथा सीमा क्षेत्र के थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों की मासिक समन्वय बैठकें नियमित रूप से होंगी।
बैठक में यह भी कहा गया कि शासन की मंशा के अनुसार गौवंश तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ संयुक्त अभियान और सतत कार्रवाई जारी रहेगी।


