गरियाबंद

राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं-नपाध्यक्ष
18-Nov-2026 7:35 PM
राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं-नपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 18 नवंबर। नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा की अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू की अध्यक्षता में आज नगर पालिका उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सोनी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की उपस्थिति में राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व निरीक्षक सहित समस्त वार्ड के वसूली प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में लंबे समय से जल शुल्क, संपत्ति कर एवं समेकित कर का भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। नपा.अध्यक्ष ओमकुमारी ने कहा कि नागरिकों द्वारा समय पर कर एवं जल शुल्क का भुगतान नहीं किए जाने के कारण नगर पालिका की राजस्व वसूली प्रभावित हो रही है, जिससे नगर के विकास एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं के संचालन पर भी प्रभाव पड़ता है। अध्यक्ष द्वारा सभी बड़े बकायादारों को तत्काल बिल नोटिस जारी करने तथा नोटिस जारी होने के 15 दिवस के भीतर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देशित किया कि निर्धारित समयावधि में जल शुल्क का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेद करने की कार्रवाई की जाए। इसी प्रकार संपत्ति कर एवं समेकित कर की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले करदाताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्त वार्ड के वसूली प्रभारियों को अपने-अपने वार्डों में नियमित रूप से राजस्व वसूली करने, बड़े बकायादारों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर बकाया राशि जमा कराने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका प्रशासन द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने बकाया जल शुल्क, संपत्ति कर, समेकित कर एवं अन्य कर का भुगतान समय पर कर नगर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के सुचारू संचालन में सहयोग प्रदान करें।


अन्य पोस्ट