गरियाबंद

तर्रा में संदीप शर्मा ने धान खरीदी का किया शुभारंभ
16-Nov-2026 7:54 PM
तर्रा में संदीप शर्मा ने धान खरीदी का किया शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 16 नवंबर। नवनिर्मित सहकारी साख समिति तर्रा में धान खरीदी शुभारंभ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

श्री शर्मा ने कहा कि इस वर्ष किसान यदि अपने पात्रता से कम धान बेचेगा तब भी किसानों को पूरे पात्रता के बराबर किसान उन्नति योजना का लाभ मिलेगा, अर्थात किसान उन्नति योजना में प्रति एकड़ 13839 रु प्राप्त होंगे, भले किसान एकड़ में 21 क्विंटल से कम धान बेचे।

इससे जिन किसानों के उत्पादन 21 क्विंटल से कम होता है उन्हें भारी लाभ होगा। उन्होंने इस किसान हितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि तर्रा सहकारी समिति में इस वर्ष 1254 किसानों के 1014 हेक्टेयर भूमि का पंजीयन हुआ है जिसमे 52642 क्विंटल धान खरीदी अपेक्षित है। आज धान बेचने आने वाले किसान मान्द्री बाई, द्विजबाई, सौम्या शर्मा, राधेश्याम तारक, फेरहा साहू को बधाई दिए।

इससे पूर्व छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पूजा अर्चना माल्यार्पण पश्चात समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष ग्वाल राम को श्री शर्मा ने पदभार ग्रहण करवाया, तराजू का पूजा कर एक किसान के धान तौलकर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। जनपद सदस्य सीमा शर्मा,सरपंच ममता तुकेश साहू ने भी उपस्थित किसानों को संबोधित किया।


अन्य पोस्ट