गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 13 नवंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी केंद्रों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों की ड्यूटी दूसरे ब्लॉक में लगभग 180 किलोमीटर दूर लगाए जाने के आदेश का विरोध शुरू हो गया है। सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला गरियाबंद द्वारा 7 नवंबर 2026 को जारी आदेश के खिलाफ जिला कंप्यूटर ऑपरेटर संघ ने शुक्रवार, 13 नवंबर को एक दिवसीय चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन किया।
संघ के तय कार्यक्रम के अनुसार, कर्मचारी अपने परिजनों के साथ तिरंगा चौक पर एकत्र होकर प्रदर्शन किए और वहां से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली।
कंप्यूटर ऑपरेटरों का कहना है कि कम वेतन पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को उनके मूल कार्यस्थल से हटाकर दूरस्थ ब्लॉकों में भेजना अव्यावहारिक है, जिससे उनके सामने आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं।
संघ के अनुसार, महिला ऑपरेटरों को बच्चों की देखभाल और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते इतनी दूर ड्यूटी करने में परेशानी हो रही है, वहीं कुछ कर्मचारी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना कर रहे हैं।
संघ ने प्रशासन से इस आदेश पर तत्काल रोक लगाने तथा सभी कंप्यूटर ऑपरेटरों को उनके मूल कार्यस्थल पर ही यथावत रखने की मांग की है।