गरियाबंद

गौरी-गौरा पर्व पर विशेष पूजा
11-Nov-2026 8:42 PM
गौरी-गौरा पर्व पर विशेष पूजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 11 नवंबर। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संजोए हुए लोक पर्व देवारी के पावन अवसर पर शहर के सभी वार्डों में राजा गौरी गौरा की पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। यह पर्व छत्तीसगढ़ की आदिवासी परंपरा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे स्थानीय समुदाय बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाता है। इस अवसर पर वार्ड नंबर 15 के पार्षद नम्मू नरायण सिंह ध्रुव ने वार्ड वासियों के साथ मिलकर विशेष पूजा-पाठ का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

पार्षद ने कहा कि गौरी गौरा पर्व छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जो सामुदायिक एकता, परंपरा और आस्था को दर्शाता है।

इस पर्व में गौरा गौरी को प्रकृति और समृद्धि का प्रतीक मानकर उनकी पूजा की जाती है। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना संपन्न की और वार्डवासियों के साथ-साथ पूरे अंचल सहित नगर के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर वार्डवासियों के साथ महिला मोर्चा की किरण सोनी, गीता राजपूत उपस्थित थी। पार्षद प्रतिनिधि लीलाराम निषाद ने पूजा की व्यवस्था और समुदाय को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने इस अवसर पर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और परंपरागत गीत-संगीत सुवा, गौरी गौरा के सुमधुर गीत के साथ उत्सव का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को भी पर बढ़ावा देता है।


अन्य पोस्ट