गरियाबंद
एग्रीस्टेट पंजीयन की तारीख 15-20 नवंबर तक बढ़ाने और धान खरीदी 31 जनवरी तक करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 10 नवंबर। धान खरीदी की तैयारियों को लेकर जनपद पंचायत फिंगेश्वर की सहकारिता स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। सहकारिता सभापति डॉ. दिलीप साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लॉक के सभी 24 उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधकों एवं जिला सहकारी बैंक के पर्यवेक्षकों ने हिस्सा लिया। बैठक में ऋण वितरण, खाद उपलब्धता, धान खरीदी और परिवहन व्यवस्था सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
समिति प्रबंधकों ने बताया कि इस वर्ष खाद की कीमतों में वृद्धि के कारण किसानों ने सहकारी बैंकों से अधिक ऋण लिया है। इस पर डॉ. साहू ने किसानों को कम ब्याज पर मिलने वाले ऋण और 330 एवं 20 रुपये में उपलब्ध किसान बीमा योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार करने की अपील की। वहीं, गुंडरदेही समिति द्वारा किसानों को कम दर पर कीटनाशक एवं खरपतवार नाशक उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की गई। सहकारिता सीईओ मोहित गड़तिया ने जानकारी दी कि फिंगेश्वर ब्लॉक में तर्रा, किरवई और लचकेरा में तीन नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं।
बैठक में समिति प्रबंधकों ने धान खरीदी के साथ समय पर परिवहन (उठाव) सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवहन में देरी से धान में सूखत होती है और समितियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं, 15 जनवरी तक ही धान खरीदी किए जाने के निर्णय पर असंतोष जताते हुए इसे 31 जनवरी तक बढ़ाने की मांग की गई।
किसानों के एग्रीस्टेट पंजीयन और रकबा संबंधी समस्याएं भी प्रमुखता से उठीं। डॉ. दिलीप साहू ने प्रेस के माध्यम से जिला प्रशासन से एग्रीस्टेट पंजीयन की अंतिम तिथि 15 से 20 नवंबर तक बढ़ाने तथा धान खरीदी की अवधि 15 जनवरी के बजाय 31 जनवरी तक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी स्थिति में धान बेचने से वंचित नहीं होना चाहिए और खरीदी के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था भी सुचारु रहनी चाहिए।
बैठक में सहकारिता सीईओ मोहित गड़तिया, जिला सहकारी बैंक के पर्यवेक्षक पोषण लाल साहू, कोमल साहू, प्रभाशंकर मिश्रा सहित सभी उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधक एवं सहकारिता समिति के सदस्य उपस्थित रहे।