गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 10 नवंबर। नगर के वैद्य भंवरलाल जैन दवाखाना में भगवान श्री धन्वंतरि की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। दवाखाना संचालक डॉ. राजेंद्र गदिया के नेतृत्व में आयोजित समारोह में पंडित ब्रह्मदत्त शास्त्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस अवसर पर नगर की प्रतिभाओं और विशिष्ट व्यक्तियों का शाल, श्रीफल एवं तिलक-वंदन कर सम्मान किया गया।
उल्लेखनीय है कि गदिया परिवार पिछले 48 वर्षों से धन्वंतरि जयंती पर यह परंपरा निभाते हुए नगर की विशिष्ट विभूतियों का सम्मान करता आ रहा है। कोरोना काल में भी सीमित स्तर पर इस आयोजन की निरंतरता बनाए रखी गई। इस वर्ष समारोह में विशेष रूप से हाल ही में चिकित्सा की डिग्री प्राप्त कर क्षेत्र में सेवाएं देने के लिए संकल्पित लगभग 10 नवोदित चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. टी.एन. रमेश, डॉ. दीप्ति मिश्रा गंदेचा, डॉ. विधि जैन, डॉ. प्रज्ञेश विशु, डॉ. रुचि रुपरेखा, डॉ. अदिति बंगानी और डॉ. युक्ति बंगानी सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। साथ ही लेखिका राजलक्ष्मी श्रीवास्तव एवं गोल्ड मेडलिस्ट प्रोफेसर यशिका इसरानी का भी सम्मान किया गया।
पंडित ब्रह्मदत्त शास्त्री और राजू काबरा ने आयोजन की 48 वर्षों पुरानी परंपरा की सराहना करते हुए गदिया परिवार के सेवा भाव की प्रशंसा की। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र गदिया एवं सुरेखा गदिया ने सम्मानित अतिथियों का अभिनंदन किया। डॉ. गदिया ने कहा कि नगर की सेवा के लिए समर्पित प्रतिभाओं का सम्मान करना ही भगवान धन्वंतरि की सच्ची पूजा है।