गरियाबंद

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार
07-Nov-2026 6:40 PM
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 7 नवंबर। धनतेरस पर्व के दिन राजिम-गरियाबंद मार्ग पर एक सडक़ हादसे ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सिंधौरी-बरोण्डा के बीच कविता राइस मिल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सूरज विश्वकर्मा निवासी उमरदाह जिला महासमुंद के रूप में हुई है। वह मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 पीजेड 2389 से राजिम से गरियाबंद की ओर जा रहा था। इसी दौरान गरियाबंद की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा में वाहन चलाते हुए बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, टक्कर लगने से बाइक सवार सडक़ पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को शासकीय अस्पताल राजिम ले जाया गया, जहां परिजनों ने उसकी पहचान सूरज विश्वकर्मा के रूप में की।

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और संभावित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट