गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 5 नवंबर। पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने महानदी में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों को दीपावली से पहले घोषित 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गंगरेल बांध से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण गोबरा नवापारा शहर सहित आसपास के 15-16 गांवों में भारी नुकसान हुआ था। अकेले गोबरा नवापारा में डेढ़ से दो हजार घर बाढ़ की चपेट में आए थे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की धान की फसलें भी प्रभावित हुई थीं।
साहू ने कहा कि रात करीब दो बजे अचानक बाढ़ का पानी बढऩे से लोगों को घरों का सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। राशन, कपड़े, फर्नीचर, टीवी, फ्रिज सहित घरेलू सामान नष्ट हो गए, जिससे कई परिवारों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के साथ धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने दो-तीन दिनों में सहायता राशि देने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ है। एसडीएम के अनुसार भुगतान संबंधी प्रकरण शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है।
श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपये देने की घोषणा की थी। दशहरा बीतने के बाद अब दीपावली भी नजदीक है, लेकिन प्रभावित परिवार सहायता राशि का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से दीपावली से पहले सभी पात्र परिवारों को तत्काल 10 हजार रुपये देने तथा प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कर उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दीपावली से पहले सहायता राशि का भुगतान नहीं किया गया तो सरकार के रवैये के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को घोषणाओं के बजाय समय पर राहत मिलनी चाहिए।