गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 4 नवंबर। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार शासकीय वीर सुरेंद्र साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गरियाबंद में जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 90 घंटे के कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम संयोजक दीपशिखा टोप्पो सहायक प्राध्यापक (अंग्रेजी) ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य से अवगत कराया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. के. तलवरे ने बताया कि इस पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति झिझक को दूर करना, आत्मविश्वास विकसित करना तथा संप्रेषण कौशल को बेहतर बनाना है।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जी.एस. दास ने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार एवं भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियों का सामना करने के लिए अंग्रेजी भाषा का ज्ञान एवं संप्रेषण कौशल अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस पाठ्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने तथा नियमित रूप से कक्षाओं में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी संदेश दिया कि अंग्रेजी सीखने का अर्थ अपनी मातृभाषा अथवा स्थानीय भाषा को छोडऩा नहीं है, बल्कि अपनी भाषा और संस्कृति का सम्मान करते हुए एक नई भाषा एवं कौशल को आत्मसात करना है।
इस अवसर पर डॉ. नीलाम्बर पटेल, डॉ. खुशी देवांगन, भेषण लाल, भावेश कुमार सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।