गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 1 नवंबर। छत्तीसगढ़ विद्यालय शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी उपाध्यक्ष डोमार सिन्हा ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि इस वर्ष साय सरकार ने कर्मचारियों शिक्षकों की दीवाली फीकी कर दी है।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के कर्मियों को केंद्र की तरह 5 फीसदी डीए की उम्मीद थी किंतु मात्र 2 फीसदी डीए दिया गया, वह भी जनवरी 2026 की बजाय नवंबर 2026 से दिया जाएगा जिससे कर्मचारियों के हाथ में दिवाली पर न ही बढ़ा हुआ वेतन होगा, न ही एरियर्स के पैसे होंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष डोमार सिन्हा ने बताया कि बढ़ती महंगाई में कर्मचारियों शिक्षकों को एक तरफ जनवरी माह से महंगाई भत्ते से वंचित रखा गया वही जब दिया भी गया तो दस माह के एरियर्स राशि से वंचित कर दिया गया जिससे प्रत्येक सहायक शिक्षक को 8500 शिक्षक / प्रधान पाठक को 11500, व्याख्याता को 14000 एवं प्रत्येक प्राचार्य को 16500 रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है।
जिलाध्यक्ष मंगल मूर्ति सोनी,फिंगेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष नंद कुमार सिन्हा ने राज्य सरकार से जनवरी 2026 से 2 फीसदी तथा जुलाई 2026 से 3 फीसदी महंगाई भत्ता देने की मांग रखते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार इसी तरह महंगाई भत्ते को ले कर कार्य करती रही तो शिक्षकों कर्मचारियों का मोदी की गारंटी से भरोसा खत्म हो जाएगा।
श्री सोनी एवं सिन्हा ने बताया कि मध्यप्रदेश में भी भाजपा की सरकार है वहां 2 फीसदी महंगाई भत्ता मोदी सरकार की तरह जनवरी 2026 से दिया गया किंतु छत्तीसगढ़ के शिक्षकों कर्मचारियों को दीप पर्व पर भी हताश एवं निराश किया गया।