गरियाबंद

जन्म शताब्दी पर नारी जागरण सम्मेलन
01-Nov-2026 8:15 PM
  जन्म शताब्दी पर नारी जागरण सम्मेलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 1 नवंबर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में गायत्री परिवार चम्पारण इकाई के द्वारा महिलाओं के आध्यात्मिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चम्पारण सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से आए नारी शक्तियों द्वारा आज नारी जागरण अभियान और दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें शांतिकुंज हरिद्वार से प्रशिक्षित टोली का आगमन हुआ।       

गायत्री परिवार द्वारा महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, और स्वावलंबन से जोडऩे के लिए विशेष शिविर व सम्मेलन चलाए जाते हैं। संस्था के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने महिलाओं को गायत्री उपासना और वैदिक कर्मकांड का अधिकार प्रदान किया है। महिलाओं की टोली गाँवों और शहरों में जाकर नारी शक्ति, सुरक्षा और संस्कारों का संदेश देती है।

संध्याकालीन बेला में दीप महायज्ञ के माध्यम से समाज में फैले अंधविश्वास, कुरुतियों और बुराइयों को दूर करने के लिए प्रकाश और ज्ञान का संदेश दिया गया। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सामूहिक रूप से दीप जलाकर और गायत्री मंत्र का पाठ कर सकारात्मक वातावरण का निर्माण कर सभी के उज्जवल भविष्य की कामना किए। तत्पश्चात कार्यक्रम में उपस्थित सभी ब्रम्हवादिनी बहनों का सम्मान कर विदाई कर शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।


अन्य पोस्ट