गरियाबंद

एकलव्य विद्यालय के 5 विद्यार्थियों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
30-Oct-2026 7:10 PM
एकलव्य विद्यालय के 5 विद्यार्थियों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

10वीं में 100 और 12वीं में 98 फीसदी रहा परीक्षा परिणाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 30 अक्टूबर। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने छुरा विकासखंड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कोसमबुड़ा का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को सिविल सर्विस, मेडिकल, इंजीनियरिंग और फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा दी। साथ ही शिक्षकों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के निर्देश दिए।

प्राचार्य डॉ. कमलाकांत यादव ने बताया कि सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत और 12वीं का 98 प्रतिशत रहा। विद्यालय के पांच विद्यार्थियों को 12 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। वहीं, पीवीटीजी समुदाय के दो विद्यार्थियों का एमबीबीएस के लिए चयन हुआ है।

कलेक्टर ने जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक लेकर शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राउंड समतलीकरण, शौचालय, ओपन ऑडिटोरियम, नलकूप और स्टडी रूम निर्माण सहित आवश्यक कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट