गरियाबंद

भूमिपूजन के बाद भी सडक़ें अधूरी, ठेकेदारों की मनमानी पर बरसीं संध्या राव
30-Oct-2026 7:10 PM
 भूमिपूजन के बाद भी सडक़ें अधूरी, ठेकेदारों की मनमानी पर बरसीं संध्या राव

नेता प्रतिपक्ष ने काम शुरू नहीं होने पर टेंडर निरस्त करने की मांग की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 30 अक्टूबर। नगर में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और भूमिपूजन के बाद भी निर्माण शुरू नहीं होने पर नगर पालिका परिषद की नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने वार्डों में लंबित निर्माण कार्यों को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदारों को तत्काल नोटिस जारी करने की मांग की है।

संध्या राव ने बताया कि वार्ड क्रमांक 4 में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन हो चुका है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 2, 7 सहित अन्य वार्डों में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण कार्य लंबित हैं। उन्होंने सवाल किया कि स्वीकृति और टेंडर जारी होने के बाद भी जनता को सुविधाओं के लिए इंतजार क्यों करना पड़ रहा है?

उन्होंने मांग की कि संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर काम शुरू करने की समय-सीमा तय की जाए। इसके बावजूद काम शुरू नहीं करने या निर्धारित अवधि में पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के टेंडर निरस्त कर रिटेंडर के माध्यम से दूसरे ठेकेदारों को काम सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से होने वाले विकास कार्यों में देरी के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। संध्या राव इससे पहले भी शहर की सफाई व्यवस्था, आवारा मवेशियों और आश्रय स्थल के संचालन जैसे जनहित के मुद्दे उठाती रही हैं। उन्होंने पालिका प्रशासन से लंबित निर्माण कार्यों की स्थिति स्पष्ट करने और समय पर काम पूरा कराने की मांग की है।

बारिश के कारण रुका था काम, नोटिस जारी करेंगे

मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश कुमार पैकरा ने कहा कि बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुए थे। अब काम शुरू कराने के लिए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जाएगा।


अन्य पोस्ट