गरियाबंद
हडक़ंप, दस्तावेजों की जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 30 अक्टूबर। तडक़े सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण और एंटी करप्शन ब्यूरो की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की है। नवापारा और राजिम के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर अचानक दबिश से हडक़ंप मच गया। फिलहाल अधिकारियों की टीम प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों एवं अन्य जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ईओडब्ल्यू-एसीबी की संयुक्त टीम कारोबारी विमल पारख और राजा पारख से जुड़े प्रतिष्ठानों शांति विजय स्टोर्स एवं नवकार ज्वेलर्स में पहुंची और जांच शुरू की। दोनों प्रतिष्ठान सोना-चांदी और कपड़ा कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं। टीम द्वारा दुकानों में मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
कारोबारी के निवास पर पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, संयुक्त जांच टीम कारोबारी राजा पारख के निवास पर भी पहुंची है। इसके अलावा संबंधित कारोबारियों से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच जारी होने की सूचना है। सुबह से एक साथ कई स्थानों पर चल रही कार्रवाई ने स्थानीय कारोबारियों के बीच चर्चाओं का माहौल बना दिया है।
कोल लेवी स्कैम से जुड़े मामले में जांच का अंदेशा
ईओडब्ल्यू-एसीबी की इस संयुक्त कार्रवाई को छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल लेवी स्कैम मामले से जोडक़र देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के रायपुर समेत अन्य जिलों में भी जांच एजेंसियों की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई कर रही हैं। हालांकि, राजिम और नवापारा में जिन प्रतिष्ठानों और कारोबारियों के यहां जांच की जा रही है, उनके खिलाफ कार्रवाई के आधार और जांच से संबंधित विस्तृत तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कार्रवाई से व्यापारिक क्षेत्र में हलचल
गोबरा नवापारा और राजिम में ईओडब्ल्यू-एसीबी की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर बड़ी जांच कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई के दौरान अधिकारी फिलहाल मीडिया को जानकारी देने से बचते नजर आ रहे हैं। फिलहाल विभिन्न ठिकानों पर जांच जारी है।