गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 29 अक्टूबर। राजिम विधायक रोहित साहू ने बारिश के बीच ग्राम चौबेबांधा पहुंचकर 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत वाली दो सडक़ परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इनमें राजिम-चौबेबांधा-नवागांव मार्ग (3.30 किमी) के लिए 9 करोड़ रुपये तथा चौबेबांधा-सिंधौरी मार्ग (3.60 किमी) के लिए 4.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
श्री साहू ने कहा कि राजिम से चौबेबांधा तक टू-लेन सडक़ की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। उन्होंने कहा कि मेला स्थल को नए मैदान में स्थानांतरित करने के बाद सडक़ निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही थी।
ग्रामीणों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर निगरानी रखें और जरूरत के अनुसार नाली सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में सुझाव दें। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।
राजिम से महासमुंद तक बनेगी फोरलेन सडक़
विधायक ने बताया कि राजिम से फिंगेश्वर होते हुए महासमुंद तक फोरलेन सडक़ निर्माण के लिए कुल 236 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। उनके अनुसार, पहले 146 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे, जिसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव और विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर 90 करोड़ रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति दिलाई गई। सडक़ के साथ नाली, पुल-पुलिया सहित आवश्यक निर्माण कार्य भी किए जाएंगे।
उन्होंने महिला समूहों की मांग पर महिला भवन बनाने की घोषणा की तथा चौबेबांधा में लक्ष्मी-गणेश उत्सव समिति के रंगमंच के लिए राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी। विधायक ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में सडक़, आवास और अन्य विकास कार्यों को गति मिली है। पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य हो रहे हैं। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष महेश यादव ने भी सभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति नंदिनी ओंकार साहू, नंदिनी कोमल ढीढ़ी, गरियाबंद नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, छुरा नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेश्वरी निषाद, कोपरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूप नारायण साहू, जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रीतम सिंहा सहित जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संचालन संतोष कुमार सोनकर ने किया।