गरियाबंद
6 सौ मकानों का निर्माण जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 28 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 56 हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए अनुज्ञा पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में अभनपुर विधायक इन्द्र कुमार साहू मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू अध्यक्षता में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। अतिथियों ने हितग्राहियों को अनुज्ञा पत्र प्रदान कर उनके पक्के मकान के सपने को साकार करने की शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
नपा अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू ने कहा कि परिषद नगर के विकास और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हितग्राहियों से योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय पर आवास निर्माण पूरा करने की अपील की। उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सोनी ने भी योजना के लाभों की जानकारी दी।
नगर पालिका के अनुसार, क्षेत्र में 600 से अधिक आवासों का निर्माण कार्य जारी है। कार्यक्रम में सभापति पूजा कंसारी, पार्षद जीना निषाद, एल्डरमैन गुलाब राव, मुकुन्द मेश्राम, कन्हैया साहू, देवेन्द्र साहू सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही एवं नागरिक उपस्थित थे।