गरियाबंद

मोबाइल देखने की बात पर विवाद छोटे भाई की हत्या, आरोपी बंदी
28-Oct-2026 6:29 PM
मोबाइल देखने की बात पर विवाद छोटे भाई की हत्या, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 28 अक्टूबर। मोबाइल देखने की बात को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने 16 वर्षीय छोटे भाई पर डंडे से हमला कर दिया। सिर और पीठ पर गंभीर चोट लगने के बाद छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी बड़े भाई कैलाश सोरी (19) को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, खल्लारी थाना क्षेत्र के फरसगांव गांव में खाना खाने के बाद कैलाश सोरी और उसका छोटा भाई कुंदन सोरी घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान मोबाइल देखने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि जिस मोबाइल को लेकर विवाद हुआ, वह छोटे भाई कुंदन सोरी का था। बड़े भाई कैलाश ने छोटे भाई से मोबाइल में क्या देख रहे हो, यह पूछते हुए मोबाइल दिखाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान कैलाश ने डंडे से कुंदन के सिर और पीठ पर वार कर दिए। हमले में कुंदन जमीन पर गिर गया। उसके माथे और पैर में भी चोट आई। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। मोबाइल देखने जैसी मामूली बात से शुरू हुआ विवाद इस दर्दनाक घटना में बदल गया।

घटना की सूचना मिलने पर खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, डॉक्टरों की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्वरूप हत्यात्मक बताया गया। इसके बाद मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।

एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच मोबाइल देखने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान बड़े भाई कैलाश सोरी ने छोटे भाई कुंदन सोरी के सिर पर लकड़ी से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कैलाश सोरी (19) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।  


अन्य पोस्ट