गरियाबंद

धमतरी में 4 घंटे में दो सडक़ हादसे, एक मौत, चार जख्मी
27-Oct-2026 7:34 PM
धमतरी में 4 घंटे में दो सडक़ हादसे, एक मौत, चार जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 27 अक्टूबर। धमतरी जिले में मंगलवार को चार घंटे के भीतर हुए दो सडक़ हादसों में एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। नेशनल हाईवे बाईपास पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी, वहीं भखारा क्षेत्र के हंचलपुर में दो बाइकों की टक्कर में किशोर की जान चली गई।

बाईपास पर कार कई बार पलटी, दो गंभीर

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे मुजगहन और बागतराई के बीच नेशनल हाईवे बाईपास पर हादसा हुआ। रायपुर निवासी शिवम मिश्रा और अनिल अग्रवाल कार से रायपुर से कांकेर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सडक़ से उतर गई और खेत में जा गिरी।

बताया गया कि कार सडक़ से काफी दूर खेत में गिरने से पहले कई बार पलटी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति कार से बाहर जा गिरा, जबकि दूसरा अंदर फंस गया। आसपास के लोगों ने पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

दूसरा हादसा सुबह करीब 10 बजे भखारा क्षेत्र के हंचलपुर में एक किराना दुकान के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय द्वारिका यादव अपने दोस्त गौरव के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में द्वारिका गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हादसे में गौरव सहित एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी है।


अन्य पोस्ट