गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 27 अक्टूबर। कुरूद पुलिस ने नेशनल हाइवे पर मरौद टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर गौ-तस्करी का मामला पकड़ा। पुलिस ने 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया और ट्रक जब्त किया। कुल जब्ती 20 लाख रुपए बताई गई।
कुरूद थाना के एएसआई सुरेश नंद ने बताया कि सूचना मिली थी कि छह चक्का ट्रक में गायों को अवैध तरीके से भरकर ले जाया जा रहा था। पुलिस 25 अक्टूबर को सुबह 9.46 बजे मरौद टोल प्लाजा के पास पहुंची। घेराबंदी की। संदिग्ध ट्रक रोका। तलाशी ली। ट्रक में 10 गायों को क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर रखा गया था। दाना-पानी की व्यवस्था नहीं थी।
शुरुआती जानकारी में गोवंश को कत्लखाने ले जाने की आशंका सामने आई। पुलिस ने ट्रक में सवार 2 लोगों को हिरासत में लिया। आरोपी प्रदीप कुमार कश्यप (38) गड़वर, रतनपुर और मिथलेश पटेल (22) निवासी कसनिया, जरभाठा, कटघोरा के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) भी लगाई गई। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।