गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 25 अक्टूबर। अंचल में रेत माफियाओं का आतंक एक बार फिर चरम पर है। पूर्व में पालिका परिषद द्वारा आम जनता की भारी आक्रोश व विपक्ष के पार्षदों के विरोध के कारण सुरक्षा और शहर की सडक़ों को बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया था।
इस प्रस्ताव के तहत शहर में सुबह 6 बजे से लेकर रात 10.30 बजे तक भारी वाहनों (रेत से लदे ट्रकों और डंपरों) के नगर प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया था। इस नियम का कड़ाई से पालन कराने के लिए पुल के पास पालिका अध्यक्ष, विपक्ष के पार्षदों व मुख्यनगर पालिका अधिकारी के उपस्थिती में एक सुरक्षा बैरियर लगाया गया था और वहां बाकायदा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जिससे नगर की जनता राहत की सास ले रहे थे।
लेकिन वर्तमान में स्थिति जस की तस हो चुकी है। पुल के पास से वह सुरक्षा बैरियर और तैनात कर्मचारी रहस्यमयी तरीके से वहाँ से हटा दिया गया हैं। इसके चलते प्रतिबंधित समय में भी रेत से लदे भारी वाहन बेखौफ होकर शहर के बीच से गुजर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा अत्यधिक बढ़ गया है और स्थानीय निवासी धूल, प्रदूषण और जाम से त्रस्त हैं।
इस गंभीर मुद्दे पार्षद अर्जुन साहू ने कहा नगर पालिका परिषद में प्रस्ताव पास होने के बावजूद बैरियर और कर्मचारियों का अचानक वहाँ से हटाया जाना यह साफ दर्शाता है कि प्रशासन रेत माफियाओं के दबाव में काम कर रहा है। दिन-रात शहर के भीतर से दौड़ते इन भारी वाहनों के कारण आम जनता का जीना दूभर हो गया है और सडक़ें जर्जर हो रही हैं।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए मांग की है कि पुल के पास तुरंत बैरियर को दोबारा स्थापित किया जाए और तय समय (सुबह 6 से रात 10.30 बजे तक) भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए। यदि प्रशासन ने जल्द ही इस पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे स्थानीय जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होंगी।