गरियाबंद

पूर्व सरपंच के बेटे की हत्या, 4 आरोपी बंदी
23-Oct-2026 7:08 PM
पूर्व सरपंच के बेटे की हत्या, 4 आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 23 अक्टूबर। धमतरी जिले में पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शहर से लगे ग्राम मुजगहन के मेन रोड पर दो युवकों पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में गांव के पूर्व सरपंच के बेटे दीपांशु साहू की मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास साहू गंभीर रूप से घायल है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 21 अक्टूबर की रात करीब 10.20 बजे ग्राम मुजगहन में दीपांशु साहू और विकास साहू का कुछ लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों युवकों पर हाथ-मुक्कों के साथ डंडों और चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास साहू का इलाज जारी है।

घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर अर्जुनी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रत्नाबांधा निवासी चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फनेश्वर नेताम (18), रितेश नेताम (22), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20) और नोहर यादव उर्फ काला (23) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडों सहित अन्य सामान जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट