गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 19 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर गोबरा नवापारा में शीतलापारा नवयुवक दुर्गोत्सव समिति के तत्वावधान में 16 अक्टूबर को भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। डीजे-धुमाल और माता के जयकारों के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा की शुरुआत शीतलापारा स्थित दुर्गा पंडाल से हुई। श्रद्धालु मां शीतला मंदिर पहुंचे, जहां महिलाओं ने चुनरी अर्पित कर परिवार और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद यात्रा तर्री रोड, गोड़पारा, काली माता मंदिर और कर्मा माता मंदिर पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर विराजित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को भी चुनरी चढ़ाई गई। इसके बाद यात्रा वापस आयोजन स्थल पर संपन्न हुई।
जसगीतों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समिति द्वारा नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों और जस झांकियों का आयोजन किया जा रहा है। 10 अक्टूबर को भव्य आगमन कार्यक्रम के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। 13 अक्टूबर को जय मईया महामाई जगराता ग्रप, आमाकोनी महासमुंद ने जस जगराता प्रस्तुत किया। 14 अक्टूबर को ग्राम दुलना के जय माता दी संगम सेवा नवयुवक मंडल जस झांकी परिवार ने धार्मिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, 15 अक्टूबर को मां दुर्गा के विशेष श्रृंगार के साथ सुर श्रृंगार मानस परिवार, नवापारा ने जस सेवा दी। 16 अक्टूबर की रात जय शारदा बाना जस परिवार गीत समिति, पारागांव ने जसगीतों की प्रस्तुति दी।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ मातृशक्ति, वरिष्ठजनों, व्यापारियों और वार्डवासियों का सराहनीय योगदान मिल रहा है। समिति के सदस्य धार्मिक कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।