गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 18 नवंबर। महानदी मुख्य नहर के सर्विस बैंक पर भारी वाहनों (हाइवा) का संचालन किया जा रहा है। इससे नहर के तट को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोंडापार से थनौद तक महानदी मुख्य नहर के एलाइनमेंट के समानांतर पाइपलाइन के माध्यम से नवा रायपुर अटल नगर के लिए जल प्रदाय कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण में पाया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा महानदी मुख्य नहर (एमएमसी) के सर्विस बैंक पर भारी वाहनों का संचालन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाइश दी, लेकिन इसके बाद भी भारी वाहनों की आवाजाही जारी रही।
वर्तमान में खरीफ सिंचाई के लिए महानदी मुख्य नहर में पानी का प्रवाह जारी है। भारी वाहनों के टायरों से सर्विस बैंक पर निशान पड़ रहे हैं और उसका क्षरण हो रहा है। इससे नहर के तट की सुरक्षा प्रभावित होने के साथ ही सिंचाई के दौरान विभागीय अमले को नियमित गश्त और निरीक्षण में कठिनाई हो रही है।
सर्विस बैंक को नुकसान पहुंचने से नहर में कटाव या टूट-फूट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसी स्थिति में आसपास के गांवों में बाढ़ आने तथा जन-धन और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचने की आशंका है। संबंधित ठेकेदार का कैंप ग्राम कोंडापार में महानदी मुख्य नहर के किनारे स्थित है।