गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 17 अक्टूबर। जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में जिला राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पटवारियों ने पीवी एप के माध्यम से फसलों के भौतिक सत्यापन कार्य का बहिष्कार करते हुए निलंबन आदेशों की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। पटवारियों ने निलंबन और स्थानांतरण की कार्रवाई को तत्काल निरस्त कर बिना शर्त वापस लेने की मांग की है।
प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जारी इस आंदोलन में पटवारियों ने शासन और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। संघ का कहना है कि पीवी एप के माध्यम से फसलों का भौतिक सत्यापन करने में तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं। इन समस्याओं के कारण पटवारियों के साथ किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान किए बिना कार्य का दबाव बनाया जा रहा है।
निलंबन और तबादले के आदेशों के खिलाफ आक्रोश
पटवारी संघ के अध्यक्ष गुलशन यादव ने बताया कि पीवी एप से फसल सत्यापन में आ रही समस्याओं को लेकर पूर्व में शासन और विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का निराकरण करने के बजाय पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिसे संघ अनुचित मानता है।
संघ के अनुसार, बलौदाबाजार में पीवी एप के बहिष्कार के दौरान संबंधित पटवारियों को स्थानांतरण आदेश, कारण बताओ नोटिस और निलंबन जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। पटवारी संघ ने इन कार्रवाइयों को द्वेषपूर्ण और पूर्वाग्रह से प्रेरित बताते हुए आदेशों को तत्काल निरस्त करने की मांग की। इसी विरोध में धरना स्थल पर निलंबन आदेशों की प्रतियां जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया गया।
पदोन्नति सहित लंबित मांगों के निराकरण पर जोर
पटवारी संघ ने चार सूत्रीय मांगों के तहत निलंबन और स्थानांतरण की कार्रवाई वापस लेने, पीवी एप से फसल सत्यापन में आ रही समस्याओं का निराकरण करने तथा राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई है। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक पहल होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
गांधी मैदान में जारी इस हड़ताल के चलते पटवारी अपने नियमित कार्यों से दूर रहकर मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं।