गरियाबंद

साढ़े 7 करोड़ से गरियाबंद में बनेगा जिला स्तरीय बहुउद्देशीय स्टेडियम
16-Oct-2026 7:08 PM
साढ़े 7 करोड़ से गरियाबंद में बनेगा जिला स्तरीय बहुउद्देशीय स्टेडियम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद/राजिम, 16 अक्टूबर। राजिम विधायक रोहित साहू के प्रयासों से गरियाबंद जिले के खेल जगत को एक बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय बहुउद्देशीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 7 करोड़ 60 लाख 78 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।

 जिले में खेल सुविधाओं के अभाव के कारण स्थानीय खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस सर्वसुविधायुक्त अत्याधुनिक स्टेडियम के बन जाने से युवाओं को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

 विधायक रोहित साहू ने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर लगातार पैरवी की थी, जिसके परिणामस्वरूप इस बहुप्रतीक्षित योजना को मंजूरी मिली है।

इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री सह खेल व युवा कल्याण मंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्टेडियम स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने का शानदार मंच प्रदान करेगा।

खेल विकास को मिलेगी नई दिशा

गरियाबंद में जिला स्तरीय बहुउद्देशीय स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से जिले के खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह है। अब निर्माण कार्य की आगामी प्रक्रिया और सुविधाओं के विकास पर नजर रहेगी। स्टेडियम का निर्माण पूरा होने के बाद जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाडिय़ों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नई संभावनाएं खुल सकती हैं।


अन्य पोस्ट