गरियाबंद
11 अक्टूबर को उठे थे देरी के सवाल, अब दो चरणों में पूरी होगी गठन प्रक्रिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 अक्टूबर। रायपुर जिले में स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के गठन में देरी को लेकर उठे सवालों के बीच शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए समय-सारिणी निर्धारित की है। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) छत्तीसगढ़ ने 11 अक्टूबर को प्रकाशित समाचार के जरिए इस मुद्दे को उठाते हुए विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल किए थे।
विभागीय आदेश के अनुसार, एसएमसी गठन की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण के लिए 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 और दूसरे चरण के लिए 1 जनवरी से 31 मार्च 2027 तक की अवधि तय की गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग के 12 जून 2026 के दिशा-निर्देशों के अनुसार, समितियों में 75 प्रतिशत पालक-अभिभावकों और 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जानी है। साथ ही वंचित वर्गों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों को प्रतिनिधित्व देने का प्रावधान है। पहली बैठक में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन भी किया जाएगा।
इंटक छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र सिंह ठाकुर ने गठन में देरी पर चिंता जताते हुए शासन के निर्देशों का पालन कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी। अब देखना होगा कि जिले में निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप समितियों का गठन कब तक पूरा होता है।