गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 15 अक्टूबर। गरियाबंद जिले में नगरपालिका की कथित अव्यवस्थाओं, भ्रष्टाचार और गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बीस सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका का घेराव किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन के अंतिम चरण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरीय प्रशासन मंत्री का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के बाद, बीस सूत्रीय मांगों से संबंधित एक ज्ञापन नगरीय प्रशासन सचिव और कलेक्टर के नाम स्थानीय तहसीलदार को सौंपा गया, जिसमें नगर की समस्याओं और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच व त्वरित समाधान की मांग की गई है।