गरियाबंद

पटवारी बेमुद्दत हड़ताल पर
14-Oct-2026 8:41 PM
पटवारी बेमुद्दत हड़ताल पर

गरियाबंद, 14 अक्टूबर। जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में जिला राजस्व पटवारी संघ ने 13 अक्टूबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिले के पटवारी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में पीवी एप के माध्यम से कराए जा रहे फसलों के भौतिक सत्यापन कार्य का बहिष्कार, निलंबन एवं स्थानांतरण की कार्रवाई बिना शर्त वापस लेने और राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति सहित अन्य मांगें शामिल हैं।

जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष गुलशन यादव ने बताया कि पीवी एप के माध्यम से किसानों की फसलों का भौतिक सत्यापन कराने में कई व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। इन समस्याओं से किसान और पटवारी दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

संघ ने पूर्व में ज्ञापन के माध्यम से शासन एवं विभागीय अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया था, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार में पीवी एप के बहिष्कार के दौरान अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे पटवारियों के खिलाफ स्थानांतरण, कारण बताओ नोटिस और निलंबन जैसी कार्रवाई की गई। संघ ने इन कार्रवाइयों को अनुचित बताते हुए विरोध जताया है। पटवारी संघ का आरोप है कि संबंधित आदेश द्वेषपूर्ण एवं पूर्वाग्रह से ग्रस्त हैं।

संघ ने मांग की है कि पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन एवं स्थानांतरण की कार्रवाई को निरस्त कर बिना शर्त वापस लिया जाए। इसके साथ ही पीवी एप से जुड़ी समस्याओं का निराकरण कर पटवारियों की अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

मांगों पर समाधान नहीं होने के चलते प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में पटवारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ ने मांगों के निराकरण तक आंदोलन जारी रखने का रुख अपनाया है।


अन्य पोस्ट