गरियाबंद

नंदनी को पुन: काम पर रखा जाए
14-Oct-2026 8:26 PM
नंदनी को पुन: काम पर रखा जाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 14 अक्टूबर। कांग्रेस पार्षद अर्जुन साहू ने नगर पालिका अधिकारी से मांग किया है कि नंदनी साहू को पुन: काम पर रखा जाए। गौरतलब है कि नंदनी साहू नगर पालिका के मणिकंचन केंद्र में बतौर सुपरवाइजर कार्यरत थीं। ड्यूटी के दौरान रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई एक सडक़ दुर्घटना में उन्हें अपना एक पैर खोना पड़ा था । इस हादसे के बाद उनके सामने जीवन-यापन और रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया। पीडि़ता ने अपनी स्थिति नगर के जनप्रतिनिधियों को बतलाया जिससे विपक्ष के पार्षदों ने इस संवेदन शील मामले को प्रमुखता से नगर पालिका के बैठक में भी रखा था।

बाद में विपक्ष के पार्षद दीपाली राजपूत, रामरतन निषाद, हेमंत सहानी, टिकेश्वर गिलहरे तरुण कंसारी,फागुराम देवांगन, अजय साहू के उपस्थिती में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने विचार करते हुए मौखिक आश्वासन दिया था, कि 1 अक्टूबर से उन्हें उनकी शारीरिक सक्षमता और कार्यशैली के अनुरूप पुन: काम पर रख लिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद जब पीडि़ता 1 अक्टूबर को काम पर पहुंची, तो उन्हें काम पर लेने से मना कर दिया गया।

पार्षद साहू ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने तुरंत नंदनी साहू को उनकी कार्यशैली के अनुसार रोजगार उपलब्ध नहीं कराया, तो वे पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए उग्र आंदोलन और नगर पालिका का घेराव करने से पीछे नहीं हटेंगे।


अन्य पोस्ट