गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 14 अक्टूबर। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अभनपुर विधानसभा को बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन निर्माण के लिए कुल 299.91 लाख रुपये यानी लगभग 2 करोड़ 99 लाख 91 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधायक इंद्र कुमार साहू के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति को ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निर्माण कार्य पूरे होने के बाद ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सरकारी कामकाज, बैठकों और सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
जानकारी के अनुसार, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण के तहत अभनपुर विकासखंड के उगेतरा में 19.99 लाख, कोलियारी में 20 लाख, गोतियारडीह 20 लाख, घोंट 20 लाख, छछानपैरी 20 लाख, छांटा 20 लाख, जवाईबांधा 19.99 लाख, पारागांव 20 लाख, बकतरा 19.99 लाख, भोथीडीह 19.99 लाख, निमोरा 19.99 लाख, भरेंगा 19.99 लाख, मोहदी 19.99 लाख, लमकेनी 19.99 लाख और सोनेसिल्ली के लिए 19.99 लाख की स्वीकृति मिली है।
विधायक ने इस स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अभनपुर विधानसभा के प्रत्येक गांव का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 15 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन निर्माण के लिए मिली यह स्वीकृति ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।