गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 13 अक्टूबर। पीएम श्री हरिहर शासकीय विद्यालय, नवापारा राजिम के एनसीसी कैडेटों ने सीएटीसी-137 कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं नगर का नाम गौरवान्वित किया है। इस कैंप में विद्यालय के कुल 28 एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कैंप के दौरान विद्यालय के कैडेटों ने कुल 5 स्वर्ण पदक प्राप्त कर अपनी उपलब्धि दर्ज की। इनमें अनय जैन को बेस्ट कैडेट का सम्मान एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। वहीं, प्रशांत यादव ने फायरिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही सुनील कुमार ने टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
एनसीसी कैडेटों की इस उपलब्धि पर शाला के प्राचार्य महेश नेताम ने छात्रों को बधाई एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि कैडेटों की सफलता उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम, समर्पण एवं टीम भावना का परिणाम है।शाला विकास समिति के अध्यक्ष सौरभ सिंटू जैन ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि कैडेटों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है तथा विद्यालय और नवापारा नगर के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय परिवार, शिक्षकों,अभिभावकों एवं नगरवासियों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार ने सभी सफल कैडेटों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कैडेटों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है तथा विद्यालय और नवापारा नगर के लिए गर्व का विषय है।