गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 12 अक्टूबर। समग्र शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, आकलन एवं उपचार के लिए सोमवार को जिला चिकित्सालय गरियाबंद में जिला स्तरीय मेगा शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशन में आयोजित शिविर में गरियाबंद, छुरा एवं फिंगेश्वर विकासखंडों के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का आकलन किया गया।
आयोजित शिविर में पहुंचे कलेक्टर रणबीर शर्मा ने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन बच्चों का उपचार संभव है, उनके इलाज के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। जरूरतमंद बच्चों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने के साथ ही पालकों को भी बच्चों के इलाज के लिए प्रेरित किया जाए।
उपचार योग्य बच्चों की सूची तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर ने सिविल सर्जन एवं जिला मिशन समन्वयक को निर्देशित किया कि शिविर में शामिल ऐसे बच्चों की सूची तैयार की जाए, जिनका उपचार संभव है। सूची में बच्चों की बीमारी, उपचार की आवश्यकता तथा संभावित इलाज से संबंधित जानकारी शामिल की जाए, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की पहचान और उनकी जरूरतों का आकलन केवल शिविर तक सीमित न रहे, बल्कि उपचार एवं आवश्यक सहायक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर समन्वित प्रयास किए जाएं।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की जरूरतों को समझकर उन्हें उचित उपचार, आवश्यक सुविधाएं एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करना रहा। ऐसे शिविर बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक शिवेश शुक्ला, सहायक जिला परियोजना अधिकारी बुधविलास सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र ध्रुव, सहायक परियोजना समन्वयक योगेश पटेल, विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक प्रेम मार्कण्डेय, बीआरपी एकता रात्रे एवं तुलजा ध्रुव सहित संकुल शैक्षिक समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बच्चों के पालक उपस्थित रहे।