गरियाबंद

जतमई धाम को प्लास्टिक मुक्त बनाने विधायक-कलेक्टर ने किया श्रमदान
10-Oct-2026 7:37 PM
जतमई धाम को प्लास्टिक मुक्त बनाने विधायक-कलेक्टर ने किया श्रमदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 10 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जतमई माता मंदिर परिसर में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। गरियाबंद वनमंडल द्वारा आयोजित इस अभियान में राजिम विधायक रोहित साहू, कलेक्टर रणबीर शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर और वनमंडलाधिकारी मयंक पांडे सहित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर जतमई धाम को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने रुद्राक्ष का पौधा लगाया, जबकि कलेक्टर रणबीर शर्मा ने वटवृक्ष का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने हाथों में झाड़ू लेकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की और कचरा एकत्र किया। इस दौरान लोगों को एकल उपयोग वाले प्लास्टिक एवं पॉलीथिन से दूरी बनाने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए जागरूक किया गया।

जनभागीदारी से साकार होगा विकसित भारत का सपना-रोहित साहू

विधायक रोहित साहू ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शासन के प्रयासों के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ भारत और विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।

जतमई धाम को नो प्लास्टिक जोन बनाने की जरूरत-कलेक्टर

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि जतमई माता मंदिर प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर और आसपास के वन क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखना जरूरी है। प्लास्टिक कचरा लंबे समय तक नष्ट नहीं होता और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाता है।


अन्य पोस्ट