गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 8 अक्टूबर। वन्यजीव सप्ताह 2026 के अवसर पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (यूएसटीआर)द्वारा मालाबार पाइड हॉर्नबिल के संरक्षण एवं जन-जागरूकता हेतु 10 किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर हॉर्नबिल’ दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ लगभग 2,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित ओंध एवं अमलोर क्षेत्र में आयोजित की गई, जो हॉर्नबिल पक्षी का प्रमुख प्राकृतिक आवास है।
10 किमी की यह दौड़ बनियाढास जलप्रपात से शुरू होकर करीपागर जलप्रपात पर समाप्त हुई। कार्यक्रम में गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा, यूएसटीआर के क्षेत्र संचालक गुरुनाथन एन., वन विभाग के विशेष सचिव धम्मशील गणवीर तथा तौरेंगा रेंजर केजूराम कोरचे सहित यूएसटीआर की 8 रेंजों के वनकर्मियों, स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं (कुल 250 से अधिक प्रतिभागी) ने हिस्सा लिया।
मालाबार पाइड हॉर्नबिल फल खाने और बीजों के प्रसार के माध्यम से वनों के प्राकृतिक पुनर्जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यूएसटीआर में इस प्रजाति की बढ़ती उपस्थिति से यह क्षेत्र पक्षी पर्यटन के केंद्र के रूप में उभर रहा है।
यूएसटीआर द्वारा पक्षियों के लिए वर्षभर भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पीपल, बरगद व फाइकस प्रजातियों के फलदार वृक्षों के समूह विकसित कर ‘हॉर्नबिल रेस्तरां’ तैयार किए जा रहे हैं (जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो चुकी है)। स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका के अवसर पैदा करने हेतु ओंध, अमलोर और अमामोरा गांवों को जोडक़र ‘हॉर्नबिल सफारी’ विकसित की जा रही है।
महिला वर्ग में वनरक्षक परमेश्वरी, ललिता, रिंकी जोशी तथा ओंध गांव की टीकेश्वरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
यूएसटीआर प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि वन्यजीव संरक्षण तभी स्थाई हो सकता है जब स्थानीय समुदाय इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। यह आयोजन ‘प्रकृति के लिए दौड़ें, हॉर्नबिल बचाएं’ के संदेश के साथ संपन्न हुआ।