गरियाबंद
गंगरेल से अचानक पानी छोडऩे पर उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 7 अक्टूबर। पिछले दिनों नवापारा में आई भीषण बाढ़ को लेकर आम आदमी पार्टी ने गंगरेल जलाशय प्रबंधन, प्रशासन और राज्य सरकार की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आप नेता मोहन चक्रधारी ने आरोप लगाया कि गंगरेल जलाशय के करीब 100 फीसदी भर जाने के बाद लगभग 3 लाख क्यूसेक पानी एक साथ महानदी में छोड़े जाने से निचले इलाकों में जलस्तर तेजी से बढ़ा और नवापारा के कई मोहल्लों समेत दर्जनों गांवों में अचानक बाढ़ का पानी घुस गया। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच यदि गंगरेल से पानी की निकासी पहले से चरणबद्ध और नियंत्रित तरीके से की जाती, तो महानदी के निचले क्षेत्रों पर अचानक दबाव कम किया जा सकता था।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब जलाशय का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था और भारी बारिश की संभावना पहले से थी, तो समय रहते पानी की निकासी की रणनीति क्यों नहीं बनाई गई।
अचानक पानी बढ़ा, लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला
आप नेता का आरोप है कि बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और नवापारा के कई इलाकों में पानी देखते ही देखते घरों में घुस गया। उनका कहना है कि इस स्थिति में सैकड़ों परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए केवल पानी कम होने के बाद राहत पहुंचाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जलाशयों से पानी छोडऩे की प्रक्रिया, निचले इलाकों के लिए पूर्व चेतावनी और राहत की तैयारी पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
उन्होंने बाढ़ प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल 10-10 हजार रुपए की सहायता दी जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आकलन कराने तथा नुकसान के आधार पर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार आज भी अपने घरों की सफाई, खराब हुए सामान और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर परेशान हैं। ऐसे समय में उन्हें प्रशासनिक मदद के साथ अपने जनप्रतिनिधि की मौजूदगी और संवेदनशीलता की भी जरूरत है।