गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 6 अक्टूबर। गरियाबंद पुलिस ने साइबर सेल और भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम हुए 60 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए हैं। सोमवार को पुलिस द्वारा मोबाइल सौंपे जाने पर नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
गरियाबंद पुलिस की साइबर सेल ने गुम एवं चोरी हुए मोबाइलों के आईएमईआई नंबरों को सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कर तकनीकी सहायता से ट्रैकिंग की। इसके माध्यम से 60 मोबाइल सेट बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए।
ज्ञात हो कि सीईआईआर पोर्टल भारत सरकार का एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल के आईएमईआई नंबर को ट्रैक कर उसमें इस्तेमाल हो रहे वर्तमान सिम और हैंडसेट की जानकारी प्राप्त की जाती है।
पुलिस ने नागरिकों से मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने या साइबर सेल में सूचना दर्ज कराने की अपील की है। शिकायत दर्ज कराते समय मोबाइल नंबर, आईएमईआई नंबर, खरीदी की रसीद, ब्रांड/मॉडल, गुम होने का स्थान/समय तथा पहचान/पता संबंधी दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई है।