गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 4 अक्टूबर। समीपस्थ ग्राम पारागांव में शुक्रवार गांधी जी के 157वीं जयंती व सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को नशामुक्ति एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में नशामुक्ति एवं स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में ग्राम सरपंच सुरेश सोनकर, उपसरपंच सुनीता सिंह, सचिव अनुराग सिंह, जिला संगठक रायपुर ग्रामीण डॉ. आर. के. रजक, प्रो. एस. आर. बडडे, कार्यक्रम अधिकारी शासकीय महाविद्यालय गोबरा नवापारा, डॉ. श्यामा साडिल, भोजराज निषाद सहित सभी पंचगण एवं 82 स्वयंसेवक शामिल हुए। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने शीशी बोतल तोड़ दो, दारू पीना छोड़ दो, बच्चे, पत्नी, बिकते जेवर, छोड़ शराबी ऐसे तेवर, दारू पीने की क्या शान, गली-गली में होते बदनाम तथा स्वच्छता ही सेवा है जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। जिला संगठक डॉ. आर. के. रजक के मार्गदर्शन में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ स्वयंसेवकों ने गांव की विभिन्न गलियों में जाकर आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि शराब के खिलाफ जन-जागरूकता की मुहिम को मजबूत करने से ही समाज में शांति और सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। ग्राम सरपंच सुरेश सोनकर ने नशे के कारण होने वाले सामाजिक एवं आर्थिक पतन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को इस मुहिम को गांव से लेकर शहर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। पारागांव के गांधी चौक में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए लक्ष्मी नारायण बांसर्वा ने देश के सम्मान में, कूद पड़े मैदान में का नारा देते हुए समाज से नशे जैसी बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए नशामुक्ति अभियान को आवश्यक बताया अविनाश शर्मा स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने की अपील की।