गरियाबंद
बाढ़ में बहकर आने की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 3 अक्टूबर। ग्राम टीला स्थित निर्माणाधीन एनीकट के पास महानदी में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। मृतका की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, महानदी किनारे से गुजर रहे ग्रामीणों ने महिला का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, महिला के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
बाढ़ में बहकर आने की आशंका, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
हाल ही में टीला एनीकट के आसपास महानदी में बाढ़ की स्थिति बनी थी। ऐसे में प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला बाढ़ के पानी में बहकर यहां पहुंची हो सकती है। पुलिस फिलहाल महिला की पहचान कराने के साथ-साथ उसकी मौत के कारणों और शव के एनीकट क्षेत्र तक पहुंचने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
आरंग में भी महानदी किनारे मिले थे दो शव
गौरतलब है कि इससे पहले रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम चिखली में महानदी किनारे दो शव मिले थे। इनमें एक शव महिला का बताया गया था, जबकि दूसरे शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। दोनों शवों के नदी के तेज बहाव में बहकर आने की आशंका जताई गई थी। हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं से भी जांच कर रही है।