गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 2 अक्टूबर। लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर आम आदमी पार्टी रायपुर जिला ग्रामीण ने पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन चक्रधारी के नेतृत्व में तहसीलदार गोबरा नवापारा के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई।
ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। पार्टी ने करीब 13 करोड़ 47 लाख मतदाताओं के नाम प्रभावित होने का दावा करते हुए मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की। वर्ष 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची में कथित गड़बडिय़ों का भी उल्लेख किया गया।
आप ने मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जांच, पिछले चुनावों का ऑडिट, पात्र मतदाताओं के नाम पुन: जोडऩे तथा छत्तीसगढ़ में हटाए गए नामों का पुनरीक्षण कराने की मांग की।
ज्ञापन के बाद मोहन चक्रधारी ने कहा कि मतदाता सूची में किसी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से नहीं हटना चाहिए। एसआईआर को लेकर सामने आ रही शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि कोई पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो।