गरियाबंद
गरियाबंद, 28 सितंबर। जिला पंचायत गरियाबंद ने ग्राम पंचायत उरमाल के निलंबित सचिव सत्यरंजन हंसराज के विरुद्ध विभागीय जांच पूरी होने के बाद वित्तीय अनियमितताओं के मामले में कार्रवाई की है। जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जांच में प्रशासनिक व वित्तीय कार्यों में गंभीर लापरवाही तथा शासकीय आदेशों की अवहेलना प्रमाणित हुई है। विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला पंचायत ने कुल 8,83,175 (आठ लाख तिरासी हजार एक सौ पचहत्तर रुपये) की राशि वसूली योग्य निर्धारित की है।
सचिव द्वारा निर्धारित मुख्यालय (ग्राम पंचायत उरमाल) में निवास न करने, नियमित रूप से कार्यालय में अनुपस्थित रहने और निलंबन के उपरांत प्रभारी सचिव को पंचायत का प्रभार न सौंपने की बात सिद्ध हुई है।
15वें वित्त आयोग की मद से आहरित 14.50 लाख की राशि में से बिना तकनीकी स्वीकृति व मार्गदर्शन के व्यय किया गया। इलेक्ट्रॉनिक भवन निर्माण में अधिक व्यय, भृत्य मानदेय पर नियमविरुद्ध खर्च तथा अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के लिए अनियमित रूप से राशि आहरित की गई। इसके अतिरिक्त हैंडपंप मरम्मत, पाइपलाइन विस्तार, तालाब व सडक़ सफाई मदों में 7.67 लाख खर्च किए गए।
पंचायत स्तर की 16 अनिवार्य पंजियों व रोकड़ पंजी का नियमित संधारण न करने, उन्हें निरीक्षण के लिए प्रस्तुत न करने तथा ऑडिट हेतु रिकॉर्ड उपलब्ध न कराने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही विकास कार्यों का एक्शन प्लान समय पर प्रस्तुत न करने और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के निष्पादन में अरुचि दर्शाने का भी उल्लेख है।