गरियाबंद
6 संदिग्ध हिरासत में, मादा पैंगोलिन और
नवजात समेत बाघ के अवशेष बरामद
43 बाघ की हड्डियां और 2 कैनाइन दांत बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 28 सितंबर। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, राजस्व खुफिया निदेशालय और अलापल्ली वन प्रभाग की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र-तेलंगाना सीमा के समीप अलापल्ली के झिमेला क्षेत्र में 26 सितंबर को कार्रवाई करते हुए छह संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
टीम ने एक मादा पैंगोलिन और उसके नवजात बच्चे को जीवित बरामद किया। इसके अतिरिक्त 43 संदिग्ध बाघ की हड्डियां और 2 कैनाइन दांत जब्त किए गए हैं। तस्करी में प्रयुक्त 3 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के च्ऑपरेशन सेफ पैसेज 3.0ज् और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 14 सितंबर से 14 अक्टूबर तक संचालित इंटरपोल के ऑपरेशन थंडर 2026 के तहत की गई।
अहेरी-सिरोंचा-जिंगानूर-बीजापुर बेल्ट को तस्करी नेटवर्क के संभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित कर निगरानी की जा रही थी। अलापल्ली वन परिक्षेत्र में वन्यप्राणी अपराध क्रमांक 08120/202986 दर्ज किया गया है। जब्त वन्यजीव अवशेषों को फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है तथा हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।