गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 28 सितंबर। गंगरेल बांध से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद महानदी में आई तेज बाढ़ से गोबरा नवापारा शहर के नदी किनारे बसे निचले इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। नगर का सोमवारी बाजार क्षेत्र बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। प्रशासन की सतर्कता और समय रहते किए गए राहत-बचाव कार्यों के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई परिवारों को अपने घर छोडक़र राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है।
बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों द्वारा लगातार राहत कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय गोयल भी सपरिवार अपने ईष्ट-मित्रों के साथ सोमवारी बाजार स्थित राहत शिविर पहुंचे। उन्होंने राहत शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विजय गोयल एवं उनकी टीम ने बाढ़ प्रभावित लोगों को बिस्किट, पोहा और गर्म भोजन का वितरण किया। राहत सामग्री और भोजन मिलने पर प्रभावित परिवारों ने पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं उनकी टीम के प्रति आभार जताया।
बताया गया कि विजय गोयल बाढ़ की स्थिति को लेकर लगातार प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पालिका अध्यक्ष के संपर्क में बने हुए हैं। वे प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में अपने स्तर पर सहयोग कर रहे हैं। साथ ही आवश्यकता के अनुसार प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में नगरवासियों के साथ खड़ा रहना सभी की जिम्मेदारी है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वे लगातार प्रशासन और नगर पालिका अध्यक्ष के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
उनके साथ साथ नवापारा भाजपा मण्डल अध्यक्ष नागेन्द्र वर्मा , गिरधारी अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, मनीष नाथवानी, लाला पटेल, विजय साधवानी, दीपक पोद्दार, वैभव अग्रवाल, अयूब खत्री, असगर खान, मोंटू, सुयश गोयल व ऐश्वर्य गोयल ने खाद्य सामग्री में सहयोग प्रदान करते हुए शामिल हुए।