गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 27 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले के विभिन्न शासकीय स्कूलों एवं महाविद्यालयों में ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में नवीन शासकीय महाविद्यालय मैनपुर में विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
‘नमो सेवा गाथा’ गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के महत्व को सामने रखा।
कार्यक्रम में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। इस समय का सदुपयोग कर विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समय नष्ट नहीं करने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए तथा स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी जिम्मेदारियों को समझने और परिस्थितियों के लिए दूसरों को दोष देने के बजाय स्वयं जिम्मेदारी लेने की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य माता-पिता को गौरवान्वित करने के साथ समाज और देश के विकास में योगदान देना भी होना चाहिए।
कलेक्टर ने मोबाइल फोन का उपयोग ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक कार्यों के लिए करने की सलाह दी।
‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर श्री शर्मा ने 5 अक्टूबर को मैनपुर में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के लिए भाठीगढ़ मैदान का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट, विभिन्न स्टॉल, पंजीयन काउंटर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, एसडीएम नेहा भेडिय़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।