गरियाबंद

उफनते नाले में फंसी बस, पुलिस ने 40 यात्रियों को रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला
26-Sep-2026 4:53 PM
उफनते नाले में फंसी बस,  पुलिस ने 40 यात्रियों को  रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला

गरियाबंद पुलिस और डायल 112 की तत्परता से टला बड़ा हादसा, 2 से 3 घंटे तक फंसे रहे यात्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 26 सितंबर। गरियाबंद जिले और आसपास के क्षेत्रों में लगातार 48 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच थाना मगरलोड, जिला धमतरी क्षेत्र अंतर्गत सरायीबदर और महुआजोरी नाले के बीच यात्रियों से भरी एक बस तेज बहाव में फंस गई। बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे, जो लगभग 2 से 3 घंटे तक विपरीत परिस्थितियों में फंसे रहे। सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी यात्रियों को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला।

भारी बारिश के चलते सरायीबदर और महुआजोरी नाले में अचानक जलस्तर बढ़ गया था। इसी दौरान शुक्रवार शाम को यात्रियों से भरी बस नाले को पार करने का प्रयास कर रही थी। पानी का बहाव तेज होने के कारण बस नाले के बीच फंस गई और यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन में थाना गरियाबंद पुलिस टीम और डायल 112 के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे।

विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पुलिस जवानों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने रस्सी एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से बस तक पहुंच बनाई और यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। बस में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। पुलिस टीम की तत्परता और सूझबूझ से सभी 35 से 40 यात्रियों को सुरक्षित नाले के पार पहुंचाया गया।

करीब 2 से 3 घंटे तक फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस और डायल 112 की टीम ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू अभियान के दौरान किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से भारी बारिश और तेज जलप्रवाह के बीच एक बड़ा हादसा टल गया।

भारी बारिश में नदी-नाले पार न करने की अपील

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने रेस्क्यू अभियान में शामिल थाना गरियाबंद पुलिस टीम और डायल 112 के अधिकारी-कर्मचारियों की तत्परता और साहस की सराहना की है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले और रपटों में पानी का तेज बहाव होने पर उन्हें पार करने का जोखिम न उठाएं। जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या डायल 112 को सूचना दें। साथ ही यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट