गरियाबंद

महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार और पोषण पर जागरूकता कार्यशाला
22-Sep-2026 3:43 PM
महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार और पोषण पर जागरूकता कार्यशाला

गरियाबंद, 22 सितंबर। जिला पंचायत गरियाबंद के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) अंतर्गत जेंडर संवेदीकरण एवं पोषण अभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की।

कार्यशाला में महिलाओं एवं समुदाय में लैंगिक समानता, महिला अधिकार, सम्मानजनक व्यवहार, सुरक्षा और बेहतर पोषण के प्रति जागरूक किया गया।

डीपीएम, जिला पंचायत गरियाबंद ने जेंडर रिसोर्स सेंटर के अंतर्गत पंजीकृत प्रकरणों, उनके निराकरण और लंबित मामलों की समीक्षा की। विकासखंडों से आए जेंडर मास्टर ट्रेनर्स के साथ प्रकरणवार चर्चा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 एवं 112 की जानकारी दी। वहीं पुलिस विभाग ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन की जानकारी दी। मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

कार्यशाला में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चल रहे राष्ट्रीय पोषण माह के संबंध में भी जानकारी दी गई। महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार अपनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, एनआरएलएम कार्यकर्ता और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट