गरियाबंद

फिं गेश्वर के जंगल में जुआ खेलते 6 बंदी
22-Sep-2026 3:42 PM
फिं गेश्वर के जंगल में जुआ खेलते 6 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 22 सितंबर। गरियाबंद जिले में अवैध जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के खिलाफ  चलाए जा रहे अभियान के तहत फिंगेश्वर पुलिस एवं साइबर टीम को कार्रवाई में सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बम्हन देही जंगल क्षेत्र में दबिश देकर कथित रूप से रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान नगदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ  कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में फिंगेश्वर थाना पुलिस और साइबर टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों पर रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बम्हन देही जंगल में घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान 6 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 62500 रुपए नगदी राशि, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन, 4 दो पहिया वाहन एवं अन्य सामाग्री जब्त की गई है।

पुलिस ने मामले में मोहन यादव (48), लोकनाथ साहू (43),  मन्नू साहू (34), नोहर साहू (38), टेकराम सिन्हा (26) और परस राम सिन्हा (42 ) निवासी ग्राम भलेसर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट