गरियाबंद

महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाश, हत्या की आशंका
18-Sep-2026 7:18 PM
महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाश, हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 18 सितंबर। राजधानी रायपुर से लगे आरंग क्षेत्र में हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिक्षक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की गई है। घटनास्थल पर मृतक की बाइक भी बरामद हुई है।

मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई है, जो शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे डंगनिया (चंपारण) के निवासी बताए जा रहे हैं। शिवकुमार चंद्राकर किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे थे। उनका शव महानदी के तट पर बनचरौदा के पास खून से लथपथ अवस्था में मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जांच में शिक्षक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु से हमला कर उनकी हत्या की गई। घटनास्थल पर बाइक मिलने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल आरोपियों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

सूचना मिलने के बाद आरंग थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिससे हत्या की परिस्थितियों और संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिल सके।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।


अन्य पोस्ट