गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 14 सितंबर। समाजसेवा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ (आई. टी.सेल प्रकोष्ठ) के प्रदेश संयोजक आदर्श ग्राम टेमरी निवासी डॉ.द्वारिका प्रसाद साहू को मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड तथा मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद, एनसीआर दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. गीतांजली शर्मा (वाइस चेयरमैन, डोपिंग-रोधी अपील पैनल, नाडा, भारत सरकार) एवं डॉ.सी.पी.यादव (चेयरमैन, मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड एवं मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी) के हाथों मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि डॉ. द्वारिका प्रसाद साहू लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए समाजहित में कार्य कर रहे हैं। समाज को तकनीक से जोडऩे, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। द्वारिका को मानद डॉक्टरेट सम्मान मिलने पर समाज के वरिष्ठजनों, सामाजिक पदाधिकारियों एवं युवाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।