गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 11 सितंबर। अभनपुर क्षेत्र के ग्राम परसदा में बुधवार शाम दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोपेड को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सडक़ पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 9 सितंबर की शाम करीब 6 बजे लकेश्वर यादव अपनी भतीजी वंशिका यादव को मोपेड में बैठाकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम परसदा में पीछे से तेज गति से आ रहे डीजे बाक्स लगे ट्रैक्टर ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड सवार दोनों सडक़ पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अभनपुर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम वंशिका यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल लकेश्वर यादव को उपचार के लिए भर्ती किया गया। उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगी है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में भी मातम पसर गया।
ट्रैक्टर में लगा साउंड बॉक्स, तेज आवाज में बज रहा था गाना
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रैक्टर में बड़ा साउंड बॉक्स लगा हुआ था और उसमें तेज आवाज में गाना बजाया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के साथ वाहन चलाने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें मासूम बच्ची की जान चली गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सडक़ पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन बढऩे की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर, मासूम वंशिका की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना को लेकर ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश देखा गया।